पंडरिया।ब्लॉक अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर (नया) में पदस्थ ‘शिक्षा श्री’ से अलंकृत व्याख्याता ज्योति ध्रुव ने अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शासकीय प्राथमिक शाला दलपी के 46 विद्यार्थियों को निःशुल्क टाई, बेल्ट, कॉपी, पेन और कंपास बॉक्स का वितरण किया। इसके साथ ही उन्होंने सभी बच्चों एवं शाला स्टाफ को न्योता भोज भी कराया।
शिक्षिका ज्योति ध्रुव ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य शासकीय विद्यालयों के प्रति बच्चों और अभिभावकों का विश्वास मजबूत करना तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान करना है।

प्रधानपाठक उमाशंकर राज ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और विद्यालय के प्रति जुड़ाव बढ़ता है।
कार्यक्रम के दौरान ‘उत्कृष्ट प्राचार्य’ सम्मान से अलंकृत व्याख्याता संतोष कुमार साहू ने कहा कि शिक्षिका का यह प्रयास यह दर्शाता है कि शिक्षा केवल चारदीवारी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम भी है।

जरूरतमंद विद्यार्थियों के प्रति उनका यह समर्पण अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। वहीं व्याख्याता योगेश कुमार गुरुदीवान ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
इस नेक पहल की बच्चों एवं अभिभावकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर प्रधानपाठक उमाशंकर राज, व्याख्याता संतोष कुमार साहू, योगेश कुमार गुरुदीवान, व्याख्याता ज्योति ध्रुव सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







