स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान–2026 से सम्मानित हुए शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर

पंडरिया।राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत, छत्तीसगढ़ द्वारा 15 जुलाई 2026 को रायपुर स्थित विमतारा भवन में आयोजित “स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह–2026” में देशभर के 250 उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु द्विवेदी, प्रधान संपादक, हरिभूमि समूह एवं आईएनएच न्यूज़ रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय अग्रवाल, संस्थापक, एन.आर. स्टील, रायगढ़ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. चितरंजन कर, राजभाषा हिंदी सलाहकार, रेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं डॉ. पूर्णानंद मिश्रा, राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत उपस्थित रहे।

कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में पदस्थ शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नवाचार, बालिका शिक्षा संवर्धन, गतिविधि-आधारित शिक्षण, टीएलएम के प्रभावी उपयोग, पर्यावरण संरक्षण एवं विद्यालय विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु द्विवेदी के कर-कमलों से प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर “स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया।

इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए देशभर से लगभग 700 आवेदन प्राप्त हुए थे। सभी आवेदनों का मूल्यांकन एवं सत्यापन राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के उच्चस्तरीय पैनल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया। निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के बाद देश के विभिन्न राज्यों से 250 उत्कृष्ट शिक्षकों का अंतिम चयन किया गया।

इस अवसर पर डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि “शिक्षक केवल विद्यार्थियों का भविष्य ही नहीं गढ़ता, बल्कि राष्ट्र के चरित्र, संस्कृति और सभ्यता का निर्माण करता है। शिक्षा में नवाचार और मूल्यों का समन्वय ही विकसित भारत की आधारशिला है।”