शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने जन्मदिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण


पंडरिया. संकुल केंद्र बिरकोना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में पदस्थ शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने अपने जन्मदिवस के अवसर को पर्यावरणीय संवेदनशीलता एवं मातृ-सम्मान को समर्पित करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के अंतर्गत 15 पौधों का वृक्षारोपण किया। इनमें अमरूद, जामुन, करंज एवं मोंगरा जैसे उपयोगी, फलदार एवं छायादार वृक्ष शामिल हैं।

इस सराहनीय पहल में विद्यालय के प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वृक्षारोपण का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, संरक्षण की भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी विकसित करना था।

कार्यक्रम के पश्चात शिक्षक बांधेकर द्वारा प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत न्यौता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को सेंवई-पूड़ी एवं आम फल परोसे गए। इस सामूहिक भोज ने बच्चों में आपसी मेल-जोल, सामाजिक समरसता और सौहार्द्र की भावना को प्रोत्साहित किया।