ऑनलाइन अटेंडेंस पर शिक्षिका ने बनाया था वीडियो : लोक शिक्षण संचालनालय ने किया निलंबित, वायरल वीडियो में CM-कलेक्टर के खिलाफ की थी टिप्पणी

रायपुर।स्कूलों में ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर सवाल उठाने वाली शासकीय हाईस्कूल तुलसी की व्याख्याता (एलबी) निर्मला कोमल लहरे को लोक शिक्षण संचालनालय ने निलंबित कर दिया है। 3 सितंबर को जारी आदेश में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। विभाग ने वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री और कलेक्टर के संबंध में की गई कथित अशोभनीय टिप्पणियों को कार्रवाई का आधार बताया है।

दरअसल, ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था लागू होने के बाद शिक्षिका निर्मला कोमल लहरे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में उन्होंने शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि जब शिक्षकों की उपस्थिति ऐप के जरिए दर्ज की जा रही है तो अधिकारियों और कलेक्टर की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज होनी चाहिए।

वायरल वीडियो में शिक्षिका ने कहा था कि ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज कराने के लिए शिक्षकों को समय पर स्कूल पहुंचना पड़ता है। इसके लिए उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया था कि समय पर स्कूल पहुंचने की कोशिश में शिक्षक कई बार हादसों का भी शिकार हो जाते हैं।

उन्होंने  सरकार से शिक्षकों पर ऐप के जरिए निगरानी करने के बजाय दूसरे विभागों की व्यवस्थाओं पर ध्यान देने की बात कही थी। सड़कों पर घूम रहे मवेशियों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने उन्हें हटाने की मांग भी की थी। 

शिक्षिका ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को भी जनता की निगरानी के लिए सार्वजनिक करने की अपील की थी।