पंडरिया । शिक्षा में नवाचार और छात्रों की नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय एवं शिक्षकों द्वारा शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना स्कूलों में नियमितता और अनुशासन को बढ़ावा देने का एक बेहतरीन प्रयास है।
इसी कड़ी में विकासखंड पंडरिया के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर (नया) की ‘शिक्षा श्री’ से अलंकृत नवाचारी शिक्षिका ज्योति ध्रुव ने संस्था के 23 विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया।
शिक्षिका ज्योति ध्रुव ने अपने वक्तव्य में कहा कि नियमित रूप से स्कूल आने से विद्यार्थियों की पठन-पाठन में रुचि बढ़ती है और उनका भविष्य मजबूत होता है।व्याख्याता संतोष कुमार साहू ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से अन्य छात्र भी प्रेरित होते हैं और विद्यालय में अनुशासन का स्तर सुधरता है।
व्याख्याता योगेश कुमार गुरुदिवान ने कहा कि नियमित विद्यालय आने वाले बच्चों की पढ़ाई कभी बाधित नहीं होती। ऐसे विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने शैक्षिक स्तर को बेहतर बनाते हैं। उन्होंने बच्चों से इसी अनुशासन को आगे भी बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख सहारुद्दीन, व्याख्याता संतोष कुमार साहू, योगेश कुमार गुरुदिवान, ज्योति ध्रुव, मनीषा मार्को एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।





