पाटन । शिक्षक दिवस और देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के पावन अवसर पर आगामी 5 सितंबर, शनिवार को पाटन क्षेत्र के ग्राम पतोरा में भव्य ‘शिक्षक दिवस गुरु सम्मान समारोह’ का आयोजन होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मुख्यमंत्री व स्थानीय विधायक भूपेश बघेल द्वारा गुरुओं के सम्मान में आयोजित किया जा रहा यह ऐतिहासिक कार्यक्रम इस वर्ष अपने 29वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। विगत 28 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी क्षेत्र के राष्ट्रनिर्माता शिक्षकों का भव्य सम्मान किया जाएगा। विधायक भूपेश बघेल ने इस गरिमामय आयोजन के लिए सभी आत्मीय जनों को सादर आमंत्रित किया है।

यह भव्य समारोह दुर्ग जिले के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक शाला प्रांगण, पतोरा (पाटन) में पूर्वाहन 11:00 बजे से आयोजित होगा।

शिक्षा और साहित्य जगत की हस्तियां होंगी शामिल
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के पूर्व कुलपति माननीय श्री शिव कुमार पांडे जी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विवेकानंद आश्रम के प्रतिष्ठित शिक्षाविद माननीय श्री ओमप्रकाश वर्मा जी करेंगे। इसके साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षाविद माननीय श्री सैय्यद फाजिल जी (रायपुर), जाने-माने समाज सेवक माननीय श्री सीताराम वर्मा जी (पाटन) और छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कवि माननीय श्री मीर अली मीर जी (रायपुर) शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

धमतरी के राघव म्यूजिकल ग्रुप की होगी भजन प्रस्तुति
समारोह में सम्मान समारोह के साथ-साथ सुमधुर सांस्कृतिक छटा भी बिखरेगी। इस अवसर पर जिला धमतरी के कुरुद (कोटगांव) से विशेष रूप से आमंत्रित माननीय श्री संतोष साहू जी एवं उनके साथी ‘राघव म्यूजिकल ग्रुप’ द्वारा शानदार भजन प्रस्तुति दी जाएगी।






