राजू वर्मा

सीजी मितान न्यूज़
पाटन
हर वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर देश के उत्कृष्ट शिक्षकों की समर्पण भावना, प्रतिबद्धता और अमूल्य योगदान का सम्मान किया जाता है। ये पुरस्कार उन शिक्षकों को समर्पित हैं, जिन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता को ऊँचाई दी और विद्यार्थियों के जीवन को समृद्ध बनाया।
इस वर्ष शिक्षक दिवस पर पाटन ब्लॉक के मिडिल स्कूल के शिक्षक नरोत्तम साहू को राज्यपाल सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।उन्होंने बच्चों को प्रकृति भ्रमण के माध्यम से वास्तविक जीवन शैली से सीखने व पर्यावरण शिक्षण कराने में उन्होंने विशेष प्रयास किया।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बठेना पाटन के शिक्षक नरोत्तम कुमार साहू ने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत 17 अक्टूबर 2008 को शासकीय प्राथमिक शाला अरसनारा, संकुल केंद्र- देवादा, विकासखंड पाटन जिला-दुर्ग, छ.ग. से किया। बच्चों को प्रकृति भ्रमण के माध्यम से वास्तविक जीवन शैली से सीखने व पर्यावरण शिक्षण कराने में उन्होंने विशेष प्रयास किया। पालकों एवं जनप्रतिनिधियों को विद्यालय से जोड़कर विद्यालय में भौतिक विकास, पौधरोपण एवं विद्यालय को प्रिंट-रिच बनाने में विशेष योगदान रहा। बच्चों को योग से जोड़कर शारीरिक स्वास्थ्य बढ़ाने में एक योग शिक्षक की भूमिका भलीभांति निभा रहे हैं।
सामुदायिक सहभागिता से कृषि उपकरण प्राप्त किए तथा विद्यालय में किचन गार्डन का निर्माण किए।भारत स्काउट गाइड से बच्चों को जोड़ते हुए सेवा भाव एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। पालकों को विद्यालय से जोड़ने के लिए माता उन्मुखीकरण एवं श्रेष्ठ पालक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है। सामाजिक सरोकारों से जुड़ते हुए विद्यालय में शत प्रतिशत नामांकन तथा ठहराव के लिए डोर टू डोर सर्वे एवं पालकों एवं समुदाय से सतत संपर्क करके शिक्षा के प्रति जागरूकता लाया।

जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, कमजोर बच्चों के लिए उपचारात्मक शिक्षण व क्रियात्मक अनुसन्धान एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बच्चों के चयन के लिए शिक्षक ने भगीरथ प्रयास किया। जिसका सकारात्मक परिणाम भी परिलक्षित हुआ। वर्तमान में 27 फरवरी 2018 से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बठेना, संकुल केंद्र बठेना विकासखंड पाटन में शिक्षक एल.बी. के पद पर पदस्थ है। शिक्षक के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण्य परीक्षा में लगातार बच्चों का चयन हो रहा है , कक्षा 9वी के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय बोरई के लिए एक बच्चे का चयन हुआ है ।

शाला के भौतिक संसाधन जुटाने एवं स्मार्ट क्लास निर्माण में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विद्यालय को पर्यावरण मित्र शाला के रूप में विकसित करने का लगातार प्रयास शिक्षक द्वारा किया जा रहा, जिसके अंतर्गत इको क्लब व बाल पंचायत बठेना के पदाधिकारी व बच्चों द्वारा पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर संरक्षण का संकल्प लिया जाता है। शिक्षक के द्वारा स्कूल में सजावटी पौधे के साथ- साथ औषधीय पौधे रोपित किए गए है। शिक्षक के द्वारा किए गए नवाचार में पाठों की लयात्मक प्रस्तुतीकरण, शिक्षण में मल्टी मीडिया (आईसीटी) का उपयोग,खेलविधि से रोचक शिक्षण, बच्चों के रूचि को जानकर प्रतिभा प्रोत्साहन, कामगार क्षेत्र का भ्रमण कराकर रोजगारोंमुखी शिक्षा, पूर्व व्यावसायिक शिक्षण, निःशुल्क ब्लड ग्रुप जाँच शिविर आयोजन, कला शिक्षण से कौशल विकास, नशा उन्मूलन, जल संरक्षण, मतदाता जागरूकता तथा स्थानीय युवाओं को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण का कार्य किया जा रहा।
ये है उपलब्धि
श्री साहू को शिक्षक को पूर्व में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2019 में ज्ञानदीप पुरस्कार, द प्रोग्रेस ग्लोबल अवार्ड के तहत मोस्ट इंस्पायरिंग टीचर अवार्ड, ललित कला अकादमी राष्ट्रीय कला साधक सम्मान मिल चुका है तथा इसके पूर्व राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2020 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके है । वर्तमान में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग से हिन्दी साहित्य में शोध कार्य कर रहे है ।






