पाटन। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन ब्लॉक इकाई पाटन द्वारा शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर 22 अगस्त 2026 को ब्लॉक स्तरीय आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाटन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाटन को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम की सूचना दी है।
संगठन द्वारा जारी ज्ञापन के अनुसार 22 अगस्त, शनिवार को दोपहर 12:30 बजे से शाम 3 बजे तक जनपद कार्यालय पाटन के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके पूर्व जनपद कार्यालय पाटन के सामने से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय पाटन तक पदयात्रा एवं रैली निकाली जाएगी।
फेडरेशन ने बताया कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा संगठन की प्रमुख चिंता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश एवं जिला इकाई के निर्देशानुसार ब्लॉक स्तर पर यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। संगठन ने प्रशासन से शिक्षकों की समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष चेतन सिंह परिहार,ब्लॉक संरक्षक गुनेश्वर प्रसाद वर्मा,जिला उपाध्यक्ष विनोद देवांगन, उपाध्यक्ष टेकेश्वर प्रसाद यदु ,सचिव राजकुमार बघेल,सलाहकार कमलेश साहू,संगठन सचिव चंद्रशेखर साहू आदि ने क्षेत्र के सहायक शिक्षकों एवं शिक्षकों से आंदोलन में शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।







