ग्राम सभा में होगा गिरदावरी सूची का वाचन, किसानों को दी जाएगी फसल संबंधी जानकारी

पाटन। आगामी दिनों में गांव-गांव में आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा की तैयारियों को लेकर तहसीलदार मनोज गुप्ता ने ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक ली। बैठक में विशेष ग्राम सभा के सफल आयोजन एवं इसकी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
तहसीलदार मनोज गुप्ता ने सचिवों को निर्देशित किया कि ग्राम सभा का आयोजन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित करें। ग्राम सभा के दौरान गिरदावरी सूची का वाचन किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों एवं किसानों को अपने खेतों में दर्ज फसल की जानकारी मिल सके।

इसके साथ ही किसानों को बताया जाएगा कि उनके खेतों में कौन-कौन सी फसल ली जा रही है तथा राजस्व अभिलेखों में फसल संबंधी क्या जानकारी दर्ज की गई है। इस प्रक्रिया से गिरदावरी की जानकारी ग्रामीणों के सामने सार्वजनिक होगी और त्रुटियों की जानकारी भी सामने आ सकेगी।
बैठक में नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी, भूपेंद्र सिंह सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विशेष ग्राम सभा के आयोजन को गंभीरता से लेते हुए सभी सचिवों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।






