निकुम में टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज, विक्की मिश्रा बोले-  “खेलों से दूर होगी मोबाइल की लत”

अण्डा। ग्राम निकुम पुरानी बस्ती में वतन क्रिकेट क्लब एवं क्षेत्रवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व जनपद सभापति टिकेश्वरी लाल देशमुख, दुर्ग ग्रामीण युवा नेता विक्की मिश्रा ने फीता काटकर किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और युवा उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में विक्की मिश्रा ने कहा कि आज के समय में बच्चे मोबाइल की लत में अधिक समय बिता रहे हैं, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हो रहा है। ऐसे खेल आयोजनों से बच्चों और युवाओं को एक सकारात्मक मंच मिलता है, जहां वे अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं और अनुशासन, टीम भावना व संघर्ष की सीख ले सकते हैं।

पूर्व जनपद सभापति टिकेश्वरी लाल देशमुख ने कहा कि
प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पहले ही दिन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना और नियमों का पालन करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की है।
इस प्रतियोगिता में 15 वर्ष तक के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का जौहर दिखा रहे हैं। युवा खिलाड़ियों में जीत का जुनून और खेल के प्रति समर्पण साफ नजर आ रहा है।
आयोजकों द्वारा विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफियों की घोषणा की गई है। प्रथम पुरस्कार 3001 रुपये, द्वितीय 2001 रुपये, तृतीय 1001 रुपये और चतुर्थ 501 रुपये रखा गया है। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर, बेस्ट ऑलराउंडर और बेस्ट दर्शक को भी विशेष पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने में ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिल रहा है और आगामी दिनों में और भी रोमांचक मुकाबलों के साथ दर्शकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। यह आयोजन गांव के बच्चों और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का एक अच्छा माध्यम बन रहा है। प्रतियोगिता के संचालन में कप्तान देवेन्द्र कुमार धनकर, उपकप्तान सोहन साहू सहित समिति के सभी सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।