धर्मांतरित महिला की मौत के बाद नवागांव (कस.) में तनाव, अंतिम संस्कार को लेकर हुआ विवाद

नगरी/सिहावा, बेलरगांव।ग्राम पंचायत नवागांव (कस.) में एक धर्मांतरित महिला की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। महिला के अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों और परिजनों के बीच विवाद खड़ा हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला के पूरा परिवार धर्म परिवर्तन किया था। उनकी मृत्यु के बाद जब परिजन शव का अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट / कब्रिस्तान में करने पहुंचे, तो ग्रामीणों ने गांव में अंतिम संस्कार की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

ग्रामीणों ने रखी शर्त
ग्रामीणों का कहना था कि चूंकि परिवार ने धर्म परिवर्तन कर लिया है, इसलिए गांव की परंपरा के अनुसार श्मशान घाट में अंतिम संस्कार नहीं किया जा सकता। इसे लेकर मौके पर काफी देर तक बहस होती रही।

मामले की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।

बाद में गांव में बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि परिजनों द्वारा हिंदू धर्म में वापसी कर पूजा-अर्चना करने और इस संबंध में लिखित में देने के बाद ही शव के अंतिम संस्कार की अनुमति दी जाएगी।

वापसी के बाद हुआ अंतिम संस्कार
परिजनों द्वारा पूजा-अर्चना कर हिंदू धर्म में वापसी की प्रक्रिया पूरी करने और लिखित सहमति देने के बाद ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार की अनुमति दी। इसके बाद महिला का अंतिम संस्कार किया गया।

इस दौरान गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को भी सूचना दी गई थी। फिलहाल गांव में स्थिति शांत है।