टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने खरीदी माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर इंक

दिल्ली । अमेरिका की दिग्गज इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर इंक को खरीद लिया है। एलन मस्क ने 14 अप्रैल को ट्विटर 54.20 डॉलर प्रति शेयर में खरीदने का प्रस्ताव दिया था। इस दर से ट्विटर की कीमत 41 अरब डॉलर बन रही थी। ट्विटर में 9.2 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के बाद मस्क का यह ऑफर आया था। मस्क के इस ऑफर का ट्विटर के कई शेयरधारकों ने विरोध किया था। बाद में मस्क ने खरीदारी की राशि को बढ़ाकर 46.5 अरब डॉलर कर दिया था।

ट्विटर में विरोध बढ़ने के बाद मस्क ने कहा था कि वे यदि यह सौदा नहीं होता है तो वे खुले बाजार से शेयर खरीदकर अपनी हिस्सेदारी बढ़ाएंगे। मस्क को रोकने के लिए ट्विटर ने शेयरहोल्डर राइट्स प्लान को मंजूरी भी दे दी थी। मस्क के प्रस्ताव को लेकर शेयरधारकों में संशय बना हुआ था। आखिरकार 13 दिन बाद मस्क ट्विटर को खरीदने में कामयाब हो ही गए।

मस्क ने ट्विटर को 54.20 डॉलर प्रति शेयर की दर से खरीदा है। इस कीमत पर भी यह मस्क के लिए फायदे का सौदा रहा है। ट्विटर के शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 73.34 डॉलर प्रति यूनिट रहा है। इस हिसाब से मस्क की यह खरीदारी 19.14 डॉलर प्रति शेयर सस्ती रही है।

पिछले माह मस्क ने ट्विटर पोल में पूछा था कि क्या ट्विटर स्वतंत्र अभिव्यक्ति को महत्व देता है? 70 फीसदी से ज्यादा यूजर्स ने ‘नहीं’ में जवाब दिया था। मस्क ने नया प्लेटफॉर्म लाने की घोषणा भी की।

मस्क ने साइट को विज्ञापन-मुक्त बनाने का सुझाव भी दिया था। 2021 में ट्विटर के राजस्व का 90 फीसदी हिस्सा विज्ञापनों से आया।

मस्क ने सोमवार शाम एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, मुझे उम्मीद है कि मेरे सबसे प्रखर आलोचक ट्विटर पर बने रहेंगे। यही मेरी स्वतंत्र अभिव्यक्ति का अर्थ है।