रायपुर। विजया एकादशी के पावन अवसर पर दिनांक 13 फरवरी 2026 को संध्या 7 बजे छत्तीसगढ़ में निवासरत लगभग 40 लाख यादव समाज के प्रथम ट्रस्ट, श्री कृष्णा भगवान मंदिर अहीर समाज रायपुरा ट्रस्ट द्वारा अपना 4था स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन दुर्ग शहर के वार्ड क्रमांक 24 स्थित श्री गहिरा गुरु धाम, यादव सांस्कृतिक भवन में किया गया।
ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती करूणा यादव, उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज यादव, सहसचिव श्रीमती त्रिवेणी यादव एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती वर्षा रितु यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री कृष्ण की आदमकद प्रतिमा के विधिवत पूजन-अर्चन से हुई। इसके पश्चात भजन-कीर्तन एवं फाग गीतों की प्रस्तुति दी गई।
ज्ञात हो कि समाज के दिवंगत समाजसेवियों द्वारा सामाजिक चंदा एकत्र कर दिनांक 23 अप्रैल 1974 को 10,609 वर्गफीट भूमि श्री कृष्णा भगवान मंदिर अहीर समाज रायपुरा के नाम पंजीकृत कराई गई थी। दुर्ग एवं रायपुर जिले के पदाधिकारियों के सहयोग से महादेव घाट, रायपुरा (रायपुर) में भव्य श्री राधा-कृष्ण मंदिर, यादव सामुदायिक भवन तथा पूजारी कक्ष का निर्माण कराया गया।
समाज की प्रतिष्ठा एवं गरिमा को बनाए रखने हेतु दुर्ग संभाग के 4 एवं रायपुर संभाग के 10 महिला एवं पुरुष सदस्यों ने सभी नियमानुसार 14 फरवरी 2022 को ट्रस्ट का गठन किया। वर्तमान में लगभग 50 वर्ष पूर्व निर्मित मंदिर एवं भवन के विभिन्न भाग जर्जर हो चुके हैं, जिनके संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है।
स्थापना दिवस के अवसर पर जल संरक्षण का संदेश देते हुए फूलों की होली एवं सूखी होली खेली गई। ढोल-नगाड़ों की धुन पर महिला पदाधिकारियों ने फाग गीतों के साथ उत्साहपूर्वक होली खेलकर कार्यक्रम को आनंदमय बना दिया।
इस अवसर पर श्रीमती सरस्वती यादव, श्रीमती संध्या यादव, श्रीमती निर्मला यादव, श्रीमती मीना यादव, श्रीमती सुभद्रा साहू, श्रीमती लीला यादव, श्रीमती नीलम भंडारी, श्रीमती पार्वती मरई, श्रीमती आरती उमरे, श्रीमती गुलबसिया, श्रीमती ईश्वरीय, श्रीमती सुशीला वैष्णव, श्रीमती गौरी यादव एवं श्रीमती प्रभा यादव सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं आगामी विकास कार्यों के संकल्प के साथ किया गया।







