पाटन। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को तहसील कार्यालय पाटन परिसर में देशभक्ति एवं गरिमामय माहौल में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उत्तम ध्रुव द्वारा सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत कर तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण के उपरांत एसडीएम उत्तम ध्रुव ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों व क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस गरिमामय समारोह में तहसीलदार पवन सिंह ठाकुर सहित राजस्व विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के शुभारंभ में भारत माता एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें सादर नमन किया गया।


समारोह में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में अपनी सत्यनिष्ठा एवं पूर्ण लगन से सेवा देने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरण किया गया, जिसके साथ समारोह का सानंद समापन हुआ।







