महिला को जलाकर की थी हत्या…शादी के दबाव में प्रेमी ने रची साजिश; हुआ गिरफ्तार

दुर्ग जिले में आठ दिसंबर की सुबह पुरई गांव खेल मैदान के पीछे पैरावट में एक महिला का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। जांच में शव के पास से आधा जला चप्पल और धारदार हथियार मिला, जिससे हत्या की आशंका गहरी हो गई। इस पूरे मामले में जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कर लिया है।

दरअसल, शिनाख्त के बाद मृतका की पहचान उर्मिला निषाद के रूप में हुई, जिसका कई वर्षों से विजय बांधे के साथ प्रेम प्रसंग था। मृतका शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।

आरोपी विजय ने पहले हार्डवेयर दुकान से चापट खरीदा और पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेकर महिला को शादी में काम पर जाने के बहाने पुरई ले गया। नहर के किनारे गला रेतकर हत्या की और शव पर पेट्रोल डालकर जला दिया। घटनास्थल से मिले मोमोज के टुकड़ों और मोजों के आधार पर पुलिस ने पांच किलोमीटर दायरे में दुकानदारों से पूछताछ की और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी खंगाले, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।