पाटन। धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले ही किसानों की परेशानियां बढ़ने लगी हैं। सेवा सहकारी समिति सुरपा में लगभग 95 किसानों का रकबा शून्य दर्ज हो गया है। इसके चलते संबंधित किसान फिलहाल सोसायटी में अपना धान नहीं बेच पाएंगे। जब तक रिकॉर्ड में सुधार नहीं होता, तब तक किसानों के सामने धान विक्रय को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, समिति और तहसीलदार के माध्यम से किसानों को बताया गया है कि जिन किसानों का रकबा शून्य हो गया है, उन्हें सुधार के लिए पाटन पहुंचकर आवेदन करना होगा। ऐसे में किसानों को अपनी समस्या के समाधान के लिए लगभग 25 किलोमीटर दूर तहसील कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ेगा।
किसानों का कहना है कि इस समय खेती-किसानी का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है। खेतों में धान कटाई की तैयारी और अन्य कृषि कार्यों में व्यस्त रहने के बीच तहसील कार्यालय पहुंचकर आवेदन करना उनके लिए परेशानी का कारण बन रहा है। किसानों के सामने अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि वे खेतों में धान कटवाएं या रकबा सुधारवाने के लिए 25 किलोमीटर दूर पाटन के चक्कर लगाएं।

किसानों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सुरपा समिति में ही रकबा सुधार की व्यवस्था की जाए या गांव स्तर पर शिविर लगाकर समस्या का समाधान किया जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और वे समय पर अपना धान बेच सकें।






