आंदोलन की सूचना देने के बाद प्रशासन पहुंची, अमलेश्वर पालिका में बैठक आयोजित, आश्वाशन के बाद आंदोलन स्थगित, अवैध प्लाटिंग के सामने लगेगा सूचना बोर्ड, सड़क से रोज हटाए जाएंगे मवेशी, पढ़िए पूरी खबर

पाटन नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में 15 सितंबर को अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 24 अगस्त को उपाध्यक्ष एवं पार्षदों द्वारा किए गए धरना-प्रदर्शन के दौरान उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर कार्यवाही का विवरण तैयार किया गया।

बैठक में आय-व्यय की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने और बजट के अनुरूप आवश्यक जानकारी तैयार कर अलग से दिए जाने पर सहमति बनी। साथ ही वार्षिक बजट से संबंधित प्रक्रियाओं का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण की शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई। वर्तमान में कई खसरों पर कार्रवाई की जानकारी दी गई तथा नए मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई करने और हटाए गए अतिक्रमण पर 30 दिनों के भीतर बोर्ड लगाने पर सहमति बनी।

नगर के वार्डों में स्ट्रीट लाइट, केबल, स्वीच एवं एमसीबी का संधारण लगातार करने तथा मार्ग व्यवस्था सुदृढ़ीकरण के तहत 431 नई लाइट लगाए जाने की जानकारी दी गई। प्रकाश व्यवस्था के लिए डीएमएफ मद में प्रस्ताव भेजने और नई मांग व शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में जल प्रदाय व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। पेयजल वितरण प्रणाली में तकनीकी खराबी आने पर तत्काल सुधार करने तथा नई तकनीकी समस्या के संज्ञान में आते ही कार्रवाई करने पर सहमति बनी। संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर 3-4 दिनों में कार्रवाई का समय निर्धारित किया गया।

इसके अलावा अमलेश्वर पहुंच मार्ग मेन रोड पर लगी स्ट्रीट लाइटों के संधारण के लिए संबंधित विभाग से समन्वय कर कार्रवाई करने, तथा नवगठित नगर पालिका परिषद क्षेत्र में जल निकासी और स्टॉर्म वाटर ड्रेन से संबंधित निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त मांगों के आधार पर नए प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजने की बात कही गई। इसके अलावा अन्य कई मुद्दों पर चर्चा की गई।बैठक में जनप्रतिधियों के अलावा एसडीएम पाटन उत्तम कुमार ध्रुव, एसडीओपी पाटन प्रांशु तिवारी, सीएमओ, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।