भिलाई।।

▪️ नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान
▪️ प्रमुख चौक-चौराहों पर सायं से देर रात्रि तक की गई जांच
▪️ ब्रीथ एनालाइजर मशीन से 09 वाहन चालक पाए गए नशे की अवस्था में
▪️ एम्बुलेंस चालक का नशे में वाहन चलाना गंभीर लापरवाही
संक्षिप्त विवरण :
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 08 फरवरी 2026 को यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा नशे में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर सायं 07.00 बजे से देर रात्रि तक विशेष चेकिंग पाइंट लगाए गए।
चेकिंग के दौरान चार पहिया वाहनों एवं मालवाहक वाहनों के चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से जांच की गई, जिसमें कुल 09 वाहन चालक नशे की अवस्था में वाहन चलाते हुए पाए गए। जांच के दौरान एक एम्बुलेंस वाहन का चालक भी शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया, जो कि अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक है।
उक्त सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही करते हुए उनके वाहनों को जप्त किया गया तथा प्रकरण माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
दुर्ग पुलिस की अपील :
यातायात पुलिस दुर्ग समस्त वाहन चालकों, विशेषकर आपातकालीन सेवाओं से जुड़े चालकों से अपील करती है कि नशे की अवस्था में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि मानव जीवन के प्रति गंभीर लापरवाही भी है। यातायात नियमों का पालन करें एवं स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
—0000—






