शासकीय चंदूलाल चंद्राकर महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव ‘मृदंग’ का भव्य आयोजन


पाटन।
शासकीय चंदूलाल चंद्राकर महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव ‘मृदंग’ का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नंदा गुरवारा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष निक्की भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी, रामू लाल चक्रधारी, मंडल अध्यक्ष रानी बंछोर, पार्षद केवल देवांगन, शत्रुध्न ठाकुर, श्रीमती चंद्रिका साहू, राजेश चंद्राकार, सुरेंद्र वर्मा एवं सुरेश साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत से हुआ, जिसने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इसके पश्चात महाविद्यालय के मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ‘प्रतिभा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य श्रीमती नंदा गुरवारा ने महाविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। वार्षिक उत्सव ‘मृदंग’ ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।