अर्नब का असर :खेतों में पककर तैयार धान की फसलें गिरीं… किसानों की मेहनत पर पानी फिरा, आर्थिक नुकसान की आशंका

अंडा।अंडा क्षेत्र सहित ग्रामीण अंचलो में फसलों पर चक्रवात का बुरा असर पड़ा है। बुधवार की रात से ‘अर्णव’ चक्रवाती तूफान के प्रभाव के कारण हुई बारिश और तेज हवा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
बारिश और तेज हवा के चलते खेतों में पककर तैयार धान की फसल गिर गई है, जिससे किसानों को काफी नुकसान होने की आशंका है। अचानक मौसम में आए बदलाव से किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
कांडी प्रखंड के विभिन्न भागों में गांवों में किसान धान की फसल की कटाई की तैयारी कर रहे थे। कई किसानों की धान की फसल खेतों में पककर तैयार हो चुकी है। ऐसे समय में तेज हवा और बारिश के कारण फसल के गिर जाने से धान की कटाई और उपज पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
खेतों में गिरी धान की फसल को काटने में किसानों को अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। इससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित होने का भी डर बना हुआ है।

प्राकृतिक आपदाओं से लगातार जूझ रहे किसान
कांडी प्रखंड के किसान पहले से ही मौसम की मार झेलते आ रहे हैं। कभी बाढ़, कभी सुखाड़ तो कभी अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। किसान कर्ज लेकर बीज, खाद, कीटनाशक और खेती से जुड़ी अन्य आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था करते हैं।
इसके बाद दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार करते हैं, लेकिन प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। किसानों की परेशानी उस समय और बढ़ जाती है, जब खेतों में तैयार फसल प्राकृतिक आपदा की भेंट चढ़ जाती है। कई बार किसानों को खेतों में अच्छी फसल होने की उम्मीद रहती है, लेकिन मौसम की मार के कारण उनकी उम्मीदें टूट जाती हैं।