पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाटन-मोतीपुर रोड पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य युवक घायल हुए हैं। वहीं एक दुर्घटना में बाइक की गोवंश से टक्कर होने से उसकी भी जान चली गई। दोनों मामलों में अमलेश्वर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमलेश्वर पुलिस के अनुसार पहला हादसा 15 सितंबर की रात करीब 9 बजे मोतीपुर चौक के पास हुआ। बताया गया कि रायपुर से पाटन की ओर आ रहा मोटरसाइकिल सवार नवीन कुमार नाग (26 वर्ष) निवासी नारायणपुर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर मौजूद गोवंश से टकरा गया। हादसे में नवीन कुमार नाग की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर में गोवंश की भी मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा मोतीपुर-पाटन रोड पर ग्राम झीट के पास शाम 7 हुआ है। महासमुंद निवासी चिरंजीवी यादव (35 वर्ष) अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से पाटन से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट पोल से टकरा गई। हादसे में चिरंजीवी यादव की मौत हो गई, जबकि उसके साथी धोनी सर्व (19 वर्ष) सहित एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। दोनों दुर्घटनाओं की सूचना मिलने के बाद अमलेश्वर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मामले दर्ज कर लिए हैं।







