पिकनिक मनाने आए युवक का शव खारून नदी से बरामद, टोला घाट  में SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान

पाटन। खारून नदी के टोला क्षेत्र में पिकनिक मनाने आए एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक का शव बुधवार को एसडीआरएफ (SDRF) दुर्ग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला।

मिली जानकारी के अनुसार, शुभम वर्मा (28 वर्ष) पिता मोतीलाल वर्मा, निवासी गांव गोवगांव, थाना गोढ़ियारी, जिला रायपुर, अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने टोला खारून नदी आया हुआ था। इसी दौरान 2 जून 2026 को वह नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की मौजूदगी में युवक की तलाश शुरू की गई। बुधवार 3 जून 2026 को एसडीआरएफ दुर्ग की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक का शव नदी से बरामद किया। शव मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है।