पेण्ड्रा। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव छूल्हा के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची मरवाही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल जानकारी के अनुसार मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम बरौर के जंगल में सुबह ग्रामीण जब जंगल की ओर गए तो छूल्हा के पेड़ पर एक अज्ञात युवक का शव लटका देखा गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मरवाही थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। वहीं जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। युवक ने नीले रंग का लोवर पैंट और टीशर्ट पहन रखी थी। शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मरवाही पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आत्महत्या के कारण का पता एवं मामले की जांच कर रही है। वहीं आसपास के गांवों में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मरवाही पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। शिनाख्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।।।







