सेलूद:तांदुला नहर में बहे कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव का शव बरामद, घटना स्थल से आधा किमी दूर मिली

पाटन। सेलूद में शनिवार को तांदुला नहर में बहे कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। घटना के बाद से ही परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए थे। एसडीआरएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नहर में खोजबीन की।

जानकारी के अनुसार, शिवम जिस स्थान पर नहर में डूबा था, वहां से करीब आधा किलोमीटर दूर नहर में उसका शव मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना पर सरपंच खिलेंश, बबलू मार्कण्डेय सहित उतई पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर मौजूद रहे। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।