प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बेलरगांव का भवन काफी जर्जर…बारिश का पानी रिसकर भवन के अंदर गिरने लगता है

नगरी/सिहावा, बेलरगांव। बेलरगांव तहसील मुख्यालय पर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन काफी जर्जर हो चुका है। बारिश का पानी रिसकर भवन के अंदर गिरने लगता है। सीपेज के बीच प्रसूताएं शिशुओं को जन्म दे रही है। भवन में महिलाओं के साथ ही नवजात बच्चों के जान का खतरा भी बना हुआ है। जर्जर भवन की मरम्मत के लिए कोई सुध नहीं ले रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि 10 बिस्तर वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन की मरम्मत कराई जाए।
बेलरगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बेलरगांव के अलावा 50 गांव और अन्य क्षेत्रों से लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। भवन की हालत बदहाल है। छत से समय-समय पर प्लास्टर गिरता रहता है। इसी बीच स्वस्थ्य केंद्र संचालित हो रहा है। बारिश के दौरान छत का हिस्सा कभी भी गिर सकता है। सीलन के बीच मरीजों का इलाज चल रहा है। अस्पताल का कई बार निरीक्षण हो चुका है, पर आज तक मरम्मत कराने जनप्रतिनिधि के साथ ही अधिकारियों ने प्रयास तक नहीं किया। बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन 50 साल से अधिक ही पुराना है। जिसके चलते काफी पुराना हो चुकी है।

ग्रामीण बोले- शिकायत के बाद मरम्मत नहीं
ग्रामीण उमेन्द्र दीवान, अशकरण पटेल,लिलेश प्रजापति, सुभाष साहू, टेकराम पटेल ने बताया कि छत पर सीलन है। दीवारों पर दरार है। सभी कमरों में छत का प्लास्टर गिर रहा है। उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी मरम्मत नहीं हो रही। इससे क्षेत्रवासियों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। वेद कुमार गंजीर ने कहा कि यहां महिला चिकित्सक नहीं है। नर्स के साथ पुरुष चिकित्सक ही महिलाओं का उपचार करते हैं। लिलेश प्रजापति ने कहा कि अस्पताल की मरम्मत होनी चाहिए। सालों से स्थिति जस की तस बनी हुई है।

महिला डॉक्टर नहीं, स्वयं कर रहे ड्रेसिंग

डॉ. जय किशन नाग ने बताया कि महिला डॉक्टर नहीं है। ड्रेसिंग करने वाला भी नहीं है। ड्रेसिंग करने वाला नहीं होने से उन्हें खुद ड्रेसिंग करनी पड़ती है। इससे मरीजों को ड्रेसिंग के लिए इंतजार करना पड़ता है और आया की भी आवश्यकता है।

इन गांवों के लोग निर्भर
ग्राम बेलरगांव, नवांगांव, कसपुर, आमगांव, भुरसीडोरी, बंरबाधा, घुरावड, जैतपुरी, कट्टीगाव, बरौली, मरयामरी, भुमका, बिरगुडी, गढडोंगरी, गिधावा, पांवद्वार, जारीहीरीडिही, बोकरा बेड़ा, लटियारा, साहनीखर, हीरीडिही, बनोरा, डोमपदर, कोडमुड, घटूला, रतवा, गोहनपारा, जामपानी, झुरानदी ,कोटलभटटी एवं अन्य गांव के लोग यहां आते हैं। क्षेत्रवासियों ने कहा की सुविधाएं बढ़ने से बेलरगांव की साख भी बढ़ेगी इन्होंने यहां पर जल्द से जल्द सिविल अस्पताल बनवाने की मांग की ताकि बेलरगांव सहित आसपास के आसपास के ग्रामीणों को सभी सुविधाएं मिल सके।