स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि : राकेश ठाकुर
अहिवारा। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में चल रहे “स्मार्ट मीटर हटाओ, पुराने मीटर लगाओ” अभियान का विस्तार आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अहिवारा नगर एवं ग्रामीण के संयोजन में अहिवारा नगर से किया गया। यहां अभियान के तहत बिजली उपभोक्ताओं को आवेदन पत्र वितरित किए गए तथा आवेदन भरवाने की औपचारिक शुरुआत की गई।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि यह केवल अभियान का प्रारंभ है। अब ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रत्येक बिजली उपभोक्ता तक पहुंचेंगे, आवेदन पत्र उपलब्ध कराएंगे, उन्हें भरवाएंगे तथा सभी आवेदन एकत्रित कर संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों को सामूहिक रूप से सौंपेंगे।
उन्होंने बताया कि इससे पहले इस जनअभियान की शुरुआत दुर्ग (ग्रामीण) जिले के धमधा ब्लॉक से की जा चुकी है, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अभियान का समर्थन करते हुए आवेदन भरे थे। अब इसी अभियान को जिले के सभी ब्लॉकों, नगरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लोकतांत्रिक जनसंघर्ष की जीत बताते हुए विजय मार्च भी निकाला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता, छात्रों और युवाओं के निरंतर संघर्ष के कारण केंद्र सरकार को जवाबदेह होना पड़ा। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, पारदर्शिता और युवाओं के हितों की रक्षा की मांग दोहराई गई।
राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेशभर से स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी बढ़ते बिजली बिलों से परेशान हैं, लेकिन भाजपा सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा, “भारी-भरकम बिजली बिल से उपभोक्ता जनता त्रस्त है और भाजपा सरकार मस्त है। कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़ी है और जब तक उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिलेगी, तब तक यह अभियान पूरे जिले में लगातार चलता रहेगा।”
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने संकल्प लिया कि बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से यह जनअभियान लगातार जारी रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर इसे व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप भी दिया जाएगा।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष संतोष बाफना,उमेश साहू, हीरा वर्मा, झुमुक साहू, कैलाश नाहटा, दुर्गा गजभे, आकाश कुर्रे, नागमणि साहू, अभिषेक जांगड़े, हेमंत साहू, भारती साहू, निकिता देवांगन, भागवत प्रशाद, धरम बर्रे, बैजनाथ साहू, सागर शिवारे, मंजूषा यादव, शिवकुमार साहू, महेंद्र सेन, डाकू राम साहू, खिलावन साहू, बंटी धनकर, अभिषेक गिरी, रामकृष्ण, लेखेंद्र सहित बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुवे।







