पाटन। सावन माह के सोमवार और सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार शाम सात बजे देशभर में एक साथ भगवान शिव की भक्ति की गूंज सुनाई दी। कुबेरेश्वर धाम, सीहोर के कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की।

शाम सात बजे गूंजा ‘ॐ नमः शिवाय’, घर-घर हुआ पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक
पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर आयोजित इस विशेष शिव आराधना में देशभर के शिवभक्तों ने अपने-अपने घरों में मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया। परिवार के सदस्यों के साथ विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर अभिषेक किया गया। शाम सात बजे ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर भक्तों ने सामूहिक रूप से भगवान शिव का स्मरण किया और ‘ॐ नमः शिवाय’ के मंत्र का जाप किया।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। घरों में पूजा-अर्चना के साथ भक्तिमय वातावरण बना रहा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक पार्थिव शिवलिंग की पूजा में हिस्सा लिया। सावन शिवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस सामूहिक शिव आराधना ने शिवभक्ति और आस्था का अनूठा संदेश दिया।







