कलेक्टर ने वाहन चालकों की चार प्रमुख मांगों पर दिया सकारात्मक आश्वासन, वाहन चालक संघ ने सौंपा ज्ञापन, शासकीय आवास आवंटन में 25 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग पर भी बनी सहमति

दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश शासकीय एवं अर्धशासकीय वाहन चालक एवं यांत्रिकी कर्मचारी संघ जिला शाखा दुर्ग के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कलेक्टर दुर्ग से मुलाकात कर वाहन चालकों की चार प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर ने संघ की मांगों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए सकारात्मक एवं उचित आश्वासन दिया।

संघ के अध्यक्ष दिनेश दास मानिकपुरी ने बताया कि कलेक्टर के सकारात्मक रुख से वाहन चालकों में खुशी का माहौल है। उन्होंने इस पहल के लिए कलेक्टर का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि लंबे समय से चली आ रही वाहन चालकों की समस्याओं का अब समाधान हो सकेगा।

संघ की प्रमुख मांगों में कलेक्ट्रेट परिसर में वाहन चालक कक्ष आवंटित करना, परामर्शदात्री बैठक में वाहन चालक संघ को अनिवार्य रूप से शामिल करना, प्रशस्ति प्रमाण पत्र की सूची में योग्य एवं कर्तव्यनिष्ठ वाहन चालकों को भी स्थान देना तथा शासकीय आवास आवंटन में 25 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करना शामिल है।

इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वाहन चालक शासकीय कार्यों के निर्वहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उनकी कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। कलेक्टर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद कर्मचारियों को अपनी मांगों के निराकरण की उम्मीद जगी है।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश प्रचार सचिव छबिलाल सिन्हा, अध्यक्ष दिनेश दास मानिकपुरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबूलाल ध्रुव, महामंत्री पुनमचंद साहू, सचिव योगेश कुमार, प्रचार सचिव दिनेश कुमार साहू, संयुक्त सचिव मनसुख साहू, सह सचिव हरिशंकर झा, राकेश सिंह राजपूत सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे।