पाटन। ठेठवार यादव समाज महासभा के प्रांताध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर प्रदेशभर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रांताध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसके चलते मुकाबला रोचक बना हुआ है। प्रत्याशियों द्वारा समाज के मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने का दौर लगातार जारी है।

पाटन राज से प्रांताध्यक्ष पद के चुनाव मैदान में उतरे खेमराज यदु (सावनी वाले) भी लगातार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर समाज के लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि खेमराज यदु को प्रदेशभर में समाज के लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

समर्थकों के अनुसार खेमराज यदु लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। सामाजिक क्षेत्र में सक्रियता के साथ उनके राजनीतिक अनुभव को भी इस चुनाव में उनके पक्ष में महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क और बैठकों के माध्यम से वे मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं।

चुनाव को लेकर सभी प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी रणनीति तेज कर दी है। अब आगामी 2 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान पर समाज के मतदाताओं की नजर है। मतदान के बाद ही प्रांताध्यक्ष पद के चुनाव का अंतिम परिणाम सामने आएगा।






