थाना प्रभारी का डंडा लेकर ठेकेदार ने एसडीओ और सब-इंजीनियर को पीटा, फिर कमरे में बंद कर जनपद कर्मचारियों ने ठेकेदार की धुनाई कर दी,जनपद पंचायत का मामला

राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद में बलरामपुर के ठेकेदार ने पुलिस की धौंस दिखा पुलिस के डंडे से जनपद कार्यालय में एसडीओ और सब इंजीनियर को चेक काटने के नाम पर पीट दिया। इसके बाद जनपद  पंचायत के आक्रोशित अफसर कर्मियों ने कार्यालय का मेन गेट बंद कर ठेकेदार की अच्छे से धुनाई कर दी। इस पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहीं डॉक्टर ने घायलों के सीने में दर्द होने के कारण दोनों को जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया। वहीं लगातार मारपीट, गुंडागर्दी और चोरी की वारदात को देख जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

थाना प्रभारी को हटाने लोगों ने किया प्रदर्शन

राजपुर जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधियों ने कहा राजपुर थाना प्रभारी जबसे यहां पदस्थ हुए हैं, हर कोई परेशान है। थाना प्रभारी का डंडा लेकर ठेकेदार कार्यालय पहुंचा और मारपीट की। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से थाना प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग की है।

जनपद पंचायत के एसडीओ धर्मेंद्र गुप्ता और सब इंजीनियर सुनील टोप्पो ने जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच-सचिव, जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों के साथ थाना पहुंच केस दर्ज कराया। इसमें बताया कि बुधवार शाम चार बजे जनपद पंचायत कार्यालय में बलरामपुर निवासी राजेश सिंह ठेकेदार अपने सहयोगियों के साथ पहुंच गाली-गलौज कर रहा था। वहीं पुलिस का डंडा दिखाकर उन पर 25 वार किए। इसके बाद सरकारी फाइल और दस्तावेज को फाड़ दिया। वहीं जान से मारने की धमकी भी दी। ठेकेदार ने एसडीओ गुप्ता को पटक-पटककर मारा, जिससे पुलिस का डंडा टूट गया। बीच बचाव करने जब नीलेश पहुंचे तो उन्हें भी जमकर पीटा। मामले में उप निरीक्षक दिनेश राजवाड़े ने बताया कि ठेकेदार राजेश सिंह और अन्य दो सहयोगी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।