बेमौसम बारिश से संकट गहराया,धान सहित फसलों को नुकसान,नेशनल हाईवे 130 A बंद रहा


पंडरिया।नगर व क्षेत्र में मंगलवार तड़के सुबह से बारिश शुरू हो गयी,जो पूरे दिन बरसते रही।इस बेमौसम बरसात से फसलों को नुकसान होने का अंदेशा लगाया जा रहा है।सर्वाधिक नुकसान धान के फसल को होने का अनुमान है।अधिकतर खेतों में धान का कटाई हो चुका है ,जो अभी करपा के रूप में खेतों में पड़ा हुआ है।बेमौसम बरसात से धान अंकुरित होने तथा काला पड़ने की आशंका है।आने वाले दिनों में अधिक बरसात होने पर धान का करपा डूब सकता है तथा धान पूरी तरह खराब हो सकता है।इसके साथ ही अरहर के फूल बरसात में झड़ने लगे हैं तथा कीड़ों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है।मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो -तीन दिन मौसम इसी तरह रहने की बात कही जा रही है।सुबह से बरसात होने के कारण मंगलवार लोगों का दिनचर्या प्रभावित रहा।नगर के कार्यालय औपचारिकता ही खुले रहे।

मुंगेली-कवर्धा मार्ग बंद रहा-पंडरिया से गुजरने वाली नेशनल हाईवे 130 A बरसात के कारण बंद रहा।पंडरिया से कवर्धा व मुंगेली जाने वाली उक्त सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है।जिसमें बेस कार्य किया जा रहा है।ठेकेदार द्वारा बेस कार्य में मुरुम की जगह मिट्टी डाली जा रही है।जिसके कारण मुंगेली मार्ग में बाघामुड़ा के पास तथा कवर्धा मार्ग में पांडातराई के पास कीचड़ हो जाता है।जिसके चलते नेशनल हाइवे बंद हो जाता है।इस कीचड़ में ट्रक-ट्रेक्टर सहित अन्य वाहन पलट रही है तथा कीचड़ में फंस जाती है।जसके बाद यातायात अवरुद्ध हो जाता है।शिकायत होने के बाद भी सड़क निर्माण में गुडवत्तहीन मटेरियल का प्रयोग बंद नहीं हो रहा है।सरकार बदलने के बाद अब इसमें सुधार की उम्मीद की जा रही है।अधिक संख्या में कवर्धा व मुंगेली से कर्मचारी ब्लाक मुख्यालय व विद्यालयों में आते हैं।जो सड़क बंद होने कारण अपने कर्तव्य स्थल नहीं पहुंच पाते हैं।पिछले सप्ताह भर में मुंगेली व कवर्धा मार्ग दूसरी बार बंद रहा।

भटकते रहे यात्री-बरसात के कारण नेशनल हाईवे बंद होने के यात्रियों को भारी परेशानी हुई। मुंगेली, कवर्धा व बिलासपुर से पंडरिया जाने वाले यात्री सुबह से परेशान रहे। मार्ग बंद होने से अधिकतर यात्रियों को गंतव्य के पहले वापस लौटना पड़ा तथा कुंडा,पाढ़ी,लोरमी अन्य मार्गों से होकर कवर्धा जाना पड़ा। 10 किलोमीटर के सफर के लिए 30 किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ रहा है।