स्कूल के सामने तेज रफ्तार वाहनों का खतरा, सेलूद में ब्रेकर बनाने की मांग, बाजार क्षेत्र में भी दुर्घटना की आशंका, छात्र-छात्राओं और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता

पाटन। सेलूद के बजरंग चौक से गाड़ाडीह मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ते वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सड़क किनारे शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक और सेवा सहकारी समिति स्थित हैं। इसके बावजूद मार्ग पर ब्रेकर नहीं होने से छोटे-बड़े वाहन तेज गति से गुजरते हैं। इससे स्कूली छात्र-छात्राओं सहित आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।

स्थानीय व्यापारियों और छात्राओं ने सड़क पर आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल के सामने से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों को सड़क पार करने और स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसी मार्ग के कुछ ही मीटर की दूरी पर बाजार क्षेत्र भी स्थित है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले नागरिकों और दुकानदारों को भी तेज रफ्तार वाहनों से खतरा बना रहता है। बताया जाता है कि इस मार्ग से बड़ी संख्या में हाइवा वाहन भी गुजरते हैं, जिससे जोखिम और बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल, बैंक, सहकारी समिति और बाजार जैसे व्यस्त स्थानों के आसपास वाहनों की गति नियंत्रित करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क का निरीक्षण कर नियमानुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और गति नियंत्रण के अन्य आवश्यक उपाय किए जाएं, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।