पाटन। पाटन तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम करगा की सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्थित फैक्टरी के कारण सड़क से लगातार भारी वाहनों और बड़े ट्रकों की आवाजाही होती है, जिसके चलते सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है।

जर्जर सड़क के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं सड़क पर बड़े ट्रकों की आवाजाही के बीच दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने सड़क की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

सुशासन शिविर में भी दिए गए आवेदन

ग्राम पंचायत करगा के सरपंच कमलेश ठाकुर एवं उपसरपंच अंकित आडिल द्वारा शासन की ओर से आयोजित सुशासन शिविर में सड़क की मरम्मत को लेकर दो बार आवेदन दिया जा चुका है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि करगा गांव की जर्जर सड़क का जल्द से जल्द निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।






