उतई। उतई थाना अंतर्गत दंपती के बीच हुए विवाद में पति ने पत्नी की चाकू मारकर मरणासन्न अवस्था में पहुंचा दिया। शुक्रवार को आरोपी से घरेलू बातों को लेकर विवाद हो गया। दोनों ओर से तनातनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर पति अपनी पत्नी समेत उसकी मां और दादी को घायल कर दिया। चाकूबाजी की घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, महिला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि श्वेता झा (23 वर्ष) की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज किया। प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति सन्नी झा उर्फ शिव प्रेम नगर, दिल्ली में रहता है। विगत कुछ माह से हथखोज पारा उतई स्थित उसके मायके में रह रहा था। शुक्रवार को पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो गया। सन्नी ने हत्या करने की नीयत से घर में रखे चाकू से उस पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने आई उसकी मां तथा दादी को भी चाकू से वार किए। रिपोर्ट पर उतई पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी सन्नी झा उर्फ शिव (25 वर्ष) को पकड़ लिया। कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।







