पाटन। ठेठवार यादव समाज महासभा छत्तीसगढ़ के प्रांतीय पदाधिकारियों के निर्वाचन की प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई है। निर्वाचन को लेकर राजिम स्थित महासभा मुख्यालय में चुनावी गहमा-गहमी का माहौल बना हुआ है। विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ने वाले दावेदार अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंच रहे हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे से नामांकन फार्म लेने एवं नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई। दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसी अवधि में प्रत्याशी या संबंधित पक्ष नामांकन को लेकर दावा-आपत्ति भी प्रस्तुत कर सकेंगे।

इसके बाद शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन वापसी की प्रक्रिया होगी। शाम 5 बजे के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी।

ठेठवार यादव समाज महासभा छत्तीसगढ़ के प्रांतीय निर्वाचन में अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और महासचिव पद के लिए नामांकन दाखिल किए जा रहे हैं। निर्वाचन को लेकर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में उत्साह देखा जा रहा है।






