केशव साहू
3198 बकायेदार उपभोक्ताओं से वसूली की गई 55 लाख 06 हजार रुपये की बकाया राशि
डोंगरगढ़ (ब्यूरो रिपोर्ट)।
विद्युत विभाग द्वारा डोंगरगढ़ एवं छुरिया क्षेत्र में बकायेदार उपभोक्ताओं से बकाया राजस्व की वसूली के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत विभागीय अधिकारियों की टीम द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है।
अभियान के दौरान डोंगरगढ़ संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी वितरण केंद्रों—डोंगरगढ़ शहर, बागनदी चारभांठा, दारागांव, सुरसाकला, डोंगरगढ़ ग्रामीण, छुरिया, लखोली नगर, मुढ़िया रोड सहित अन्य क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 3198 बकायेदार उपभोक्ताओं से 55 लाख 06 हजार रुपये की बकाया राशि की वसूली की गई।
विद्युत विभाग द्वारा यह भी बताया गया कि जिन उपभोक्ताओं ने निर्धारित समय सीमा में बिजली बिल का भुगतान नहीं किया, उनके विरुद्ध विद्युत कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 108 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे गए, वहीं कई स्थानों पर अवैध कनेक्शन, बायपास एवं बिजली चोरी के प्रकरण भी सामने आए, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बकाया राशि भुगतान के लिए उपभोक्ताओं को पूर्व में सूचना एवं नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर सख्ती बरती जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को यह भी समझाइश दी जा रही है कि वे समय पर बिजली बिल का भुगतान करें, जिससे विद्युत विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। साथ ही शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है, जिसके तहत पात्र उपभोक्ताओं को विद्युत एवं राजस्व में छूट का लाभ मिल सकता है।
विद्युत विभाग ने सभी बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी बकाया राशि का भुगतान कर नियमित रूप से विद्युत सेवा का लाभ उठाएं और अनावश्यक असुविधा से बचें।







