छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ की दुर्ग क्षेत्रीय कार्यकारिणी समिति की प्रथम बैठक संपन्न

संजय साहू

अंडा ।/ छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ की दुर्ग क्षेत्रीय कार्यकारिणी समिति की प्रथम बैठक दिनांक 25 जून 2026 को दुर्ग जटार क्लब के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में संघ के प्रांतीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने विद्युत वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक प्रस्ताव पारित किए।
बैठक में प्रमुख रूप से यह मांग की गई कि अभियंताओं के पदोन्नति कोटे को पूर्व की भांति 70 प्रतिशत विभागीय पदोन्नति तथा 30 प्रतिशत सीधी भर्ती एवं विभागीय परीक्षा के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त 33P योजना हेतु पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने, समाधान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पर्याप्त संचरण एवं संधारण सामग्री उपलब्ध कराने तथा उपभोक्ताओं की संख्या के आधार पर अधिक विद्युत उपभोक्ता वाले जोन, उपसंभाग एवं वितरण केंद्रों का पुनर्गठन कर नए जोन,उपसंभाग एवं वितरण केंद्र स्थापित करने हेतु प्रस्ताव शासन एवं प्रबंधन को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी मांग की गई कि एसओपी (SOP) की समय-सीमा का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त एवं अधिकृत कार्यालयीन तथा तकनीकी कर्मचारियों, कार्यालय सहायकों, नवीन संस्करण के Windows 11 युक्त कंप्यूटर एवं प्रिंटर उपलब्ध कराए जाएं।
साथ ही 33 केवी एवं 11 केवी लाइनों पर परमिट लेकर सुरक्षित कार्य संपादन के लिए अधिकृत एवं नियमित कुशल एवं अकुशल कर्मचारियों की पर्याप्त उपलब्धता तथा तीनों पालियों में फ्यूज-ऑफ-कॉल (FOC) वाहन उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया गया। बैठक में एडवांस टेंडर के अंतर्गत ब्रोकन/डैमेज एवं नवीन विद्युत कनेक्शन कार्यों में हो रहे अनावश्यक विलंब पर भी चिंता व्यक्त करते हुए इसके शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
उपभोक्ता सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक उपसंभाग स्तर पर तीनों पालियों में कॉल सेंटर स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा गया, जिससे उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित पंजीयन, संबंधित कर्मचारियों तक सूचना का तत्काल प्रेषण तथा विद्युत अवरोध की सही एवं समयबद्ध जानकारी उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्रीकांत बरगैंया, प्रांतीय उपाध्यक्ष अविनाश कुमार दुबे, प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्री पी.एल. महेश्वरी, प्रांतीय संयोजक महेश्वर टंडन, क्षेत्रीय अध्यक्ष निर्मल कुर्रे, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू देसाई, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल धनकर, क्षेत्रीय सचिव श्री उत्तम कुमार सोनी, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष गुलाब राम साहू सहित एम.के. साहू, डी.के. साहू, आलोक साहू, श्रीमती सीमा बघेल, एस.के. पाटले, सुनील बेलचंदन, नितिन देशमुख, मिलेश साहू, परमेश्वर वर्मा, श्रीमती श्वेता ठाकुर, कुमारी लालिमा साहू, श्रीमती दीक्षा तथा संघ के अन्य प्रांतीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं दुर्ग क्षेत्र के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि अभियंताओं एवं कर्मचारियों से जुड़े लंबित विषयों के साथ-साथ उपभोक्ता हितों एवं विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु संघ निरंतर सकारात्मक एवं प्रभावी प्रयास करता रहेगा।