पाटन। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा पाटन क्षेत्र में व्यापक पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। ग्राम बटरेल से रिवागहन मार्ग (लगभग 1 किलोमीटर) तक मिश्रित प्रजातियों के 4,000 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

पौधरोपण अभियान का शुभारंभ वन स्थायी समिति पाटन के अध्यक्ष प्रणय शर्मा, जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष अजय साहू, ग्राम पंचायत बटरेल की सरपंच एमन भेष आठे की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर ग्राम सचिव, पंचायत सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिलेगा।

इस अवसर पर कुलदीप सिंह पलाह (रेंजर, दुर्ग), डी.पी. वर्मा (डिप्टी रेंजर, पाटन), वेद प्रकाश यादव (बीट फॉरेस्ट ऑफिसर, जामगांव आर), दिलीप पटेल (बीट फॉरेस्ट ऑफिसर, गाढ़ाडीह) सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे।






