रायपुर में बिखरी पाटन की महक, नारी शक्ति सम्मान समारोह में शामिल हुई मेकअप आर्टिस्ट किरण बंछोर, मुंबई के सेलिब्रिटियों का किया मेकअप

पाटन। न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन द्वारा रायपुर स्थित वुड कैसल होटल में भव्य रानी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह की खास बात यह रही कि इसमें प्रसिद्ध टीवी धारावाहिक रामायण में माता सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया सहित कई टीवी कलाकारों ने शिरकत की। उनके आगमन से कार्यक्रम में विशेष आकर्षण देखने को मिला।
इस अवसर पर पाटन की पर्ल ब्यूटी पार्लर की संचालिका किरण बंछोर भी मेकअप आर्टिस्ट के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने मुंबई से रायपुर पहुंचे सभी कलाकारों का मेकअप किया, जिसकी उपस्थित लोगों और कलाकारों ने जमकर सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं, गृहणियों और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय नारियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को मंच प्रदान किया गया। आयोजन का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और उनके कार्यों को पहचान दिलाना रहा।