बलराम यादव

पाटन। जनपद पंचायत पाटन की सामान्य सभा की बैठक शुक्रवार को सुबह 11 बजे निर्धारित थी, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी बैठक शुरू नहीं हो सकी। इससे बैठक में शामिल होने पहुंचे जनपद सदस्यों में नाराजगी देखने को मिली। कई सदस्य सभागार के बाहर बैठक शुरू होने का इंतजार करते नजर आए।

जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) द्वारा जारी सूचना के अनुसार सामान्य सभा की बैठक का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया था। इसके बावजूद बैठक समय पर प्रारंभ नहीं होने से सदस्यों ने नाराजगी जताई और समय पालन पर सवाल उठाए।

आज की सामान्य सभा में कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा के साथ क्षेत्र में खाद की कथित कालाबाजारी का मुद्दा प्रमुखता से उठने की संभावना है। इसके अलावा शासकीय स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों के वितरण की स्थिति तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
बैठक शुरू होने से पहले ही जनपद सदस्य सभागार के बाहर एकत्र होकर इंतजार करते रहे। अब सभी की नजर इस बात पर है कि बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर क्या निर्णय लिए जाते हैं और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए जाने वाले सवालों पर अधिकारियों का क्या जवाब रहता है।






