खुड़मुड़ा में शराब दुकान खोलने पर अड़ी भाजपा सरकार, जनता के विरोध के बावजूद बार-बार प्रयास कर रहा प्रशासन: राकेश ठाकुर

पूर्व में भी क्षेत्रवासियों और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विरोध के बाद पीछे हटना पड़ा था प्रशासन को, आज फिर धरना स्थल पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर
पाटन। नगर पालिका अमलेश्वर अंतर्गत ग्राम खुड़मुड़ा में शराब दुकान खोले जाने को लेकर क्षेत्रवासियों का विरोध लगातार जारी है। ग्रामीणों की स्पष्ट असहमति के बावजूद प्रशासन द्वारा दोबारा शराब दुकान खोलने की तैयारी किए जाने से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। आज जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत ग्रामीणों के साथ खड़े होकर शराब दुकान खोले जाने के प्रयासों का कड़ा विरोध किया। ग्रामीणों के भारी विरोध और जनदबाव के चलते आज भी प्रशासन शराब दुकान खुलवाने में सफल नहीं हो पाया।

गौरतलब है कि खुड़मुड़ा में शराब दुकान खोलने का प्रयास पहले भी किया गया था। उस समय क्षेत्रवासियों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं लोगों ने धरना स्थल पहुंचकर इसका विरोध किया था। व्यापक जनविरोध के चलते उस समय भी शराब दुकान नहीं खुल पाई थी। इसके बावजूद अब प्रशासन द्वारा पुनः शराब दुकान खोलने की तैयारी किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों का सवाल है कि जब गांव की जनता शराब दुकान नहीं चाहती, तो आखिर प्रशासन बार-बार इसे खोलने के प्रयास क्यों कर रहा है?
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार एक ओर सुशासन और जनहित की बात करती है, वहीं दूसरी ओर जनता की इच्छा के विरुद्ध शराब दुकान खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार और प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी प्राथमिकता जनता का हित है या जनता के विरोध के बावजूद अपने फैसले थोपना। जब क्षेत्रवासी एकजुट होकर शराब दुकान का विरोध कर रहे हैं, तब उनकी आवाज सुनने के बजाय दोबारा दुकान खोलने की तैयारी करना सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र वासियों का विरोध किसी राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित नहीं है, बल्कि यह उनके गांव के सामाजिक वातावरण, परिवारों के भविष्य और युवा पीढ़ी की चिंता से जुड़ा विषय है। शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र में सामाजिक समस्याएं बढ़ने की आशंका को लेकर ग्रामीण अपनी चिंता व्यक्त कर रहे हैं। ऐसे में सरकार और प्रशासन का दायित्व है कि वे ग्रामीणों की बात सुनें और उनकी भावनाओं का सम्मान करें। जनता की आपत्तियों को दरकिनार कर निर्णय थोपने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि “भाजपा सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि जनता की आवाज को दबाकर और प्रशासनिक दबाव बनाकर जनविरोध को समाप्त नहीं किया जा सकता। खुड़मुड़ा के लोग शराब दुकान नहीं चाहते, तो सरकार को उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। आखिर ऐसी कौन-सी मजबूरी है कि जनता के विरोध के बावजूद प्रशासन बार-बार शराब दुकान खोलने की तैयारी कर रहा है? सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि पूर्व में भी ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया था और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेसजनों ने ग्रामीणों की आवाज को मजबूती से उठाया था। इसके बाद भी प्रशासन द्वारा दोबारा प्रयास किया जाना यह दर्शाता है कि जनभावनाओं को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी इस मनमानी का विरोध करती है और ग्रामीणों के अधिकारों तथा हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर आवाज उठाएगी।
जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि खुड़मुड़ा में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव को तत्काल निरस्त किया जाए और ग्रामीणों की आपत्तियों का सम्मान करते हुए उन्हें स्पष्ट आश्वासन दिया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक ग्रामीणों की मांग पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी और शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
राकेश ठाकुर ने दो टूक कहा कि खुड़मुड़ा की जनता की इच्छा के विरुद्ध शराब दुकान खोलने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता की आवाज ही सर्वोपरि है और भाजपा सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करना ही होगा।
इस दौरान महेंद्र साहू, ओमप्रकाश साहू, गिरधर साहू, डोमन यादव, धर्मेंद्र साहू, घनश्याम साहू, अमृत राजपूत, संदीप निर्मलकर, घनश्याम यादव, ओंकार घिंघोडे सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।







