बोरिया खुर्द में भागवत कथा का भव्य आयोजन जारी, छठवें दिन श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन


पाटन — ग्राम बोरिया खुर्द में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ निरंतर जारी है। कथा के छठवें दिन कथा वाचक पंडित वासु मोहन दुबे (ग्राम चिचा पाटन) ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं दही लूट की प्रसंगपूर्ण कथा का भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा के दौरान पंडित दुबे ने श्रीकृष्ण की माखन चोरी, ग्वाल-बालों के साथ की गई लीलाओं और उनके आध्यात्मिक संदेशों को सरल एवं रोचक भाषा में श्रोताओं तक पहुँचाया। दही लूट की कथा सुनते ही पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे।
कथा स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिला-पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे। वातावरण “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से भक्तिमय हो गया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
भागवत कथा के आगामी दिनों में भी भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न दिव्य प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।