पौनी में राउत नाचा की थाप पर निकला भव्य लक्ष्मी विसर्जन, लोकसंस्कृति की दिखी अद्भुत छटा


पंडरिया-टार्जन लक्ष्मी उत्सव समिति पौनी द्वारा आयोजित लक्ष्मी विसर्जन कार्यक्रम इस वर्ष छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपरा का यादगार उत्सव बन गया। हमर संस्कृति हमर पहचान की भावना को साकार करते हुए भव्य लक्ष्मी विसर्जन में पारंपरिक राउत नाचा ने चार चांद लगा दिए।
पहाटिया ईश्वरी साहू , रामू यादव, भोलाराम यादव, कवल साहू, सुंदर साहू एवं अन्य राउत नाचा कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति, पारंपरिक वेशभूषा और ढोल-मांदर की गूंजती थाप से पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से सराबोर कर दिया। राउत नाचा की मनमोहक प्रस्तुति के बीच मां लक्ष्मी को भावपूर्ण विदाई दी गई।
इस आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हमारी लोककला और परंपराएं ही हमारी असली पहचान हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने और लोकपरंपराओं को जीवित रखने का सुंदर माध्यम हैं।