लंबे समय से लंबित मांग हुई पूरी, पंचायत भवन से ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं : विधायक अंबिका मरकाम

नगरी/सिहावा,बेलरगांव।सिहावा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पावद्वार में लंबे समय से लंबित नवीन ग्राम पंचायत भवन की मांग को साकार करते हुए क्षेत्रीय विधायक अंबिका मरकाम के कर-कमलों द्वारा नवीन ग्राम पंचायत भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। भूमिपूजन के साथ ही ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर ग्रामवासियों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण देखा गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत पावद्वार के सरपंच राकेश नेताम ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, जिला पंचायत सदस्य गरिमा नेताम, जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के उपाध्यक्ष भानेन्द्र ठाकुर, सरपंच संघ नगरी के अध्यक्ष उमेश देव, सरपंच उत्तम नेताम (राजपुर), आत्माराम नेताम (देवपुर), मुकेश कुंजाम (कुंगेरा), रूपेंद्र मरकाम (कलमेटा), जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस प्रेमांशु प्रजापति, ग्राम सभा अध्यक्ष ज्ञानेश्वरी नेताम, पूर्व जनपद सदस्य दलगंजन मरकाम, रिकी राम देवांगन, महेंद्र पाण्डेय, राजेंद्र ठाकुर, बल्लू पटेल, बसंत मरकाम, मोहन मरकाम, गिरधर देव पटेल, थान सिंह मरकाम सहित पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि ग्राम पंचायत भवन ग्रामीण स्वशासन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। यह भवन केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गांव के समग्र विकास, जनभागीदारी और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा कर उन्हें विकास की एक महत्वपूर्ण सौगात दी गई है।
विधायक ने कहा कि नवीन पंचायत भवन बनने से ग्रामवासियों को जन्म-मृत्यु पंजीयन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र संबंधी अनुशंसाएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। ग्राम सभा एवं पंचायत की बैठकें नियमित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित होंगी। महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकें, युवाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां तथा विकास कार्यों की योजना एवं समीक्षा भी इसी भवन से प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान, मजदूर और अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और पंचायतों को सशक्त बनाना सरकार की प्रतिबद्धता है। इसी संकल्प के साथ सिहावा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक अंबिका मरकाम ने निर्माण एजेंसी से पंचायत भवन का कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने का आग्रह किया, ताकि ग्रामवासियों को शीघ्र ही नवीन भवन का लाभ मिल सके। ग्रामीणों ने पंचायत भवन की स्वीकृति एवं भूमिपूजन के लिए विधायक अंबिका मरकाम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे ग्राम के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।






