पंडरिया

एक ओर जहां ग्रामीण क्षेत्र से पालक अपने बच्चों को शहरी क्षेत्रों में पढ़ाने के उद्देश्य से ले जा रहे हैं। वहीं क्षेत्र से 11 ग्रामीण बच्चों ने जवाहर नवोदय विद्यालय कक्षा 6वी की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि ग्रामीण इलाकों के बच्चों एवं स्कूलों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं है। जवाहर नवोदय विद्यालय उड़ियाकला कबीरधाम में चयनित छात्र/छात्राओं में लक्ष्य पब्लिक स्कूल कोदवा (दामापुर )से भरेवा पुरन निवासी कृष्टि भास्कर एवं डोंगरिया निवासी चिराग सिंह कुर्रे ने सफलता अर्जित कर अपने विद्यालय का नाम रोशन किया।
शासकीय प्राथमिक शाला खैरातुलसी से किरन यादव , अंजली टंडन, घितेश्वरी टंडन एवं अरविंद्र सोनवानी ने सफलता हासिल कर अपने विद्यालय को गौरवान्वित किया। शासकीय प्राथमिक शाला बहबलिया से भावनी साहू ने सफलता प्राप्त कर अपने विद्यालय एवं शिक्षको का मान बढ़ाया है। इसी कड़ी में जवाहर नवोदय विद्यालय कक्षा 6वी की प्रवेश परीक्षा में सफल होकर जवाहर नवोदय विद्यालय दाबो मुंगेली में चयनित छात्र/छात्राओं में संस्कार पब्लिक उच्च. माध्य. विद्यालय कोलिहा से जल्ली निवासी रिया टंडन एवं डोंड़ा निवासी चंद्रिका साहू ने सफलता हासिल कर अपने विद्यालय एवं शिक्षको का मान बढ़ाया है।
वहीं सरस्वती शिशु मंदिर पौनी से लक्ष्मण प्रसाद साहू एवं यशराज यादव ने सफलता प्राप्त कर अपने विद्यालय एवं आचार्यों का मान बढ़ाया है। बच्चों की इस सफलता से उनके पालकगण, ग्रामीणजन एवं शिक्षकगण में खुशियों की लहर व्याप्त है एवं
सबने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। इन सभी 11 ग्रामीण विद्यार्थियों का सफल मार्गदर्शन शासकीय प्राथमिक शाला खैरातुलसी के शिक्षक सूर्यकांत सिंह ने किया है। गौरतलब है शासकीय प्राथमिक शाला खैरातुलसी के शिक्षकों के सफल मार्गदर्शन में 2016-17 से अबतक 85 विद्यार्थियों ने जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा 6वी की प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
बच्चों की इस उपलब्धि पर ग्राम पंचायत खैरातुलसी के सरपंच गोविंदशरण वैष्णव, सचिव सुखनंदन चंद्राकर , शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बलदेव टंडन , नवोदय उत्थान समिति के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार खांडे , शासकीय प्राथमिक शाला खैरातुलसी के प्रधान पाठक शिवचन्द वस्त्रकार , शिक्षकगण सुरेश कुमार कुर्रे , ज्ञानेन्द्र कुमार साहू एवं सूर्यकांत सिंह ने ख़ुशी जाहिर करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं हैं।






