आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय और गर्म भोजन भुगतान  चरणबद्ध तरीका से जारी किया जा रहा है, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को परियोजना अधिकारी ने दी जानकारी

पाटन।
एकीकृत बाल विकास परियोजना पाटन ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा मानदेय और गर्म भोजन मद के भुगतान में देरी को लेकर दिए गए ज्ञापन पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भुगतान शासन से राशि उपलब्ध होने के अनुसार चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।

विभाग के अनुसार फरवरी एवं मार्च 2026 का मानदेय मार्च माह में जारी कर दिया गया था। अप्रैल माह के मानदेय की राशि वर्ष 2026 की निधि में संबंधित कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के खातों में अंतरित की गई। पासबुक सत्यापन के बाद मई माह में अप्रैल का मानदेय भुगतान किया गया। इसके बाद 14 मई 2026 को मई माह की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित की गई।

जवाब में बताया गया है कि जून माह के मानदेय के लिए 16 जून 2026 को आबंटन प्राप्त हुआ, जिसका भुगतान 25 जून को कर दिया गया। वहीं 3 जुलाई 2026 को मई माह के मानदेय की राशि भी संबंधित खातों में अंतरित कर दी गई है।

गर्म भोजन मद के संबंध में विभाग ने बताया कि दिसंबर से मार्च तक का भुगतान 25 मार्च 2026 को कर दिया गया था। हालांकि बिल प्राप्त होने के बाद भी कुछ अपरिहार्य कारणों से भुगतान लंबित रहा। बाद में 17 जून 2026 को पुनः आबंटन मिलने पर 25 जून को भुगतान कर दिया गया तथा 3 जुलाई 2026 को राशि खातों में अंतरित कर दी गई। विभाग का कहना है कि इसी क्रम में अप्रैल माह का भुगतान भी शीघ्र किया जाएगा।

गौरतलब है कि मानदेय एवं गर्म भोजन मद के भुगतान में देरी को लेकर 30 जून को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने परियोजना कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की थी। अब विभाग ने लिखित जवाब जारी कर भुगतान की पूरी स्थिति स्पष्ट की है। पाटन के कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती छाया वर्मा ने बताया कि उनके द्वारा कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को विस्तार से जानकारी दी है जिसके बाद से स्थिति स्पष्ट हो गई है। गर्म भोजन का पैसा आने में थोड़ा सा विलंब हो रहा है। उसके लिए भी शासन स्तर पर पत्राचार किया है।