डोंगरगढ़ में ‘आवासहीन पट्टा अधिकार योजना’ ठप; कांग्रेस भड़की, 7 दिनों में सर्वे शुरू न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

केशव साहू
डोंगरगढ़ । छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना आवासहीन व्यक्ति पट्टाधृति अधिकार नियम के क्रियान्वयन में डोंगरगढ़ नगर पालिका की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जुलाई का आधा महीना बीत जाने के बाद भी स्थानीय प्रशासन द्वारा वार्डवार सर्वे दल का गठन नहीं किया गया है। इस प्रशासनिक उदासीनता पर कड़ा आक्रोश जताते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री विजयराज चौहान ने सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर सर्वे शुरू नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।

समय-सीमा बीतने को, पर डोंगरगढ़ प्रशासन सोया

सौंपे गए पत्र के अनुसार, शासन के आदेश के तहत डोंगरगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में राजस्व और नगरीय निकाय के कर्मचारियों को मिलाकर तत्काल सर्वे दल का गठन किया जाना था। इस पूरी प्रक्रिया को पूरा कर 15 अगस्त 2026 तक शासन को रिपोर्ट सौंपनी है।अफ़सोस की बात यह है कि जहां एक ओर राजनांदगांव जिले के अन्य सभी नगरीय निकायों में यह सर्वे कार्य तेजी से चल रहा है, वहीं डोंगरगढ़ नगर पालिका परिषद और तहसील कार्यालय ने अब तक टीम का गठन तक नहीं किया है,

सैकड़ों गरीब परिवारों के हक पर मंडराया संकट

कांग्रेस महामंत्री विजयराज चौहान ने कहा कि अधिकारियों की इस लापरवाही के कारण डोंगरगढ़ के सैकड़ों पात्र और गरीब आवासहीन नागरिक सरकार की इस बेहद महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं। तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा होना अब नामुमकिन नजर आ रहा है, जिससे जनता में भारी असंतोष है।

कांग्रेस की मुख्य मांगें:

डोंगरगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से वार्डवार सर्वे दल (टीम) का गठन किया जाए।गठित टीमों को बिना देरी किए प्रत्येक वार्ड में घर-घर जाकर निर्धारित प्रारूप में सर्वे करने के निर्देश जारी हों।शासन द्वारा तय अंतिम तिथि 15 अगस्त को देखते हुए इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए।”अगर प्रशासन ने इस आवेदन के मिलने के 7 दिनों के भीतर वार्डवार सर्वे का जमीनी कार्य शुरू नहीं किया, तो इसे जनता के अधिकारों के साथ खिलवाड़ माना जाएगा। इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय शासन और प्रशासन की होगी। इस अवसर पर पार्षद ,के विनायक राव पार्षद, राहुल यादव चंद्रशेखर बोरकर,दिनेश साखरे, प्रियंका पूर्ति , शेख इज़राइल खान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्त्ता उपस्थित थे

एसडीएम साहब के निर्देश पर जल्द ही सर्वे टीम गठित किया जाएगा जो डोंगरगढ़ क्षेत्र के लिये होगा उसमे पात्र – अपात्र सूची बनाकर पट्टा वितरण की कार्यवाही होंगी

अमिय श्रीवास्तव
तहसीलदार डोंगरगढ़