खाना नहीं बनाने पर पति ने पत्नी की कर दी थी हत्या, रिश्तेदारों को मिर्गी का दौरा बताकर शव का अंतिम संस्कार किया, कैसे हुआ पूरे मामले का खुलासा आप भी जानिए

कवर्धा – जिले में हत्या का एक मामला सामने आया है, जिसमें पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मामला थाना चिल्फीघाटी के ग्राम राजाढार का है। खाना नहीं बनाने पर पति ने पत्नी की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद पति ने अपने रिश्तेदारों को मिर्गी का दौरा बताया था। फिर शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया था। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच किया तो पुरा खुलासा हुआ है। मामले में पति सुरेश बैगा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पति के खिलाफ धारा 201 व 302 के तहत मामला दर्ज किया है।

थाना से मिली जानकारी अनुसार इस मामले में मृतिका के पिता सखरू बैगा पिता मरार बैगा उम्र 60 वर्ष ग्राम तुरैयाबाहरा ने थाना में जानकारी दिया कि उसके दामाद सुरेश बैगा द्वारा 7 फरवरी को शाम 4 बजे गांव में आकर बताया कि उनकी बेटी इंद्रावती उर्फ फदालो की मौत मिर्गी आने से हो गया है। पिता सखरू बैगा ने अपने बेटी के गर्दन में चोट के निशान देखा। इस पर पति सुरेश बैगा ने मिर्गी आने के दरमियान चोट लगना बताया। इसके दूसरे दिन 8 फरवरी को रितिरिवाज के साथ कफन दफन कर दिये थे। बाद में जब लोगों के बीच चर्चा व शक हुई तो पुलिस को जानकारी दिया। पुलिस ने संज्ञान लेकर जांच किया। आरोपी पति सुरेश बैगा ने 7 फरवरी को घर मे बच्चों व स्वयं के लिए खाना नही बनाने से गुस्से में आकर लकड़ी के डंडे से मारपीट कर हत्या कर दिया था।

आरोपी पति

पीएम में भी हत्या की पुष्टि

इस मामले में पुलिस ने एसडीएम कार्यालय बोड़ला में जानकारी दी और कब्र खोदकर शव का पीएम कराने अनुमति मांगी। एसडीएम कोर्ट के निर्देश पर 12 फरवरी को शव को ग्राम राजाढार के शमशान घाट से निकाला गया। शव का पीएम बोड़ला के सरकारी अस्पताल में किया गया। जहां डॉक्टरों ने मृतिका की मृत्यु हत्या करने से होना बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार 13 फरवरी को आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

अधिकारियों की टीम के सामने निकाली गई लाश

अनुविभागीय दण्डाधिकारी बोडला द्वारा शव उत्खन्न का आदेश दिये जाने से कार्यपालिक दण्डाधिकारी/नायब तहसीलदार बोडला ओपी मिश्रा की उपस्थिति में शव को निकाला गया। शव को कब्र से निकाल कर शव पंचनामा कार्यपालिक दण्डाधिकारी से कराते हुए सीएचसी बोडला में पीएम कराया गया। हत्या मे प्रयुक्त डण्डा को आरोपी के निशांनदेही पर जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।

गुमराह कर रहा था आरोपी

हत्या के बाद से ही आरोपी अपने रिश्तेदारों को गुमराह कर रहा था। इस कारण शुरू से ही उस पर शक था। हालांकि हत्या के बाद शुरूआत में आरोपी ने मिर्गी का दौरा से मौत की बताई थी। मृतिका के मायके पक्ष के लोग भी अपने दामाद के ऊपर भरोसा कर रहे थे। जब बाद में लोगों के बीच में चर्चा हुआ तो पूरी जानकारी सामने आई है। पुलिस आने वाले दिनों में इस पूरे प्रकरण की जांच करेगी। फिलहाल आरोपी पति को जेल भेज दिया गया है।