रामनवमी पर जामगांव आर में  मंदिर का लोकार्पण एवं प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक रहीं शामिल


पाटन। रामनवमी के पावन अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति का भव्य उत्सव देखने को मिला। जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक जामगांव आर. एवं ग्राम पौहा पहुँचीं, जहाँ नये मंदिर के लोकार्पण तथा भगवान श्रीराम–सीता माता की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होकर विधिवत पूजा–अर्चना की।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुई। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष ने मंदिर में दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मंदिर केवल श्रद्धा का केंद्र नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक है।
इस भव्य आयोजन में ग्रामवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंतर्गत भजन-कीर्तन, कलश यात्रा एवं प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।
जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने इस दिव्य आयोजन के लिए सभी ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में श्रीमती रजनी बघेल भाभी  सहित अनेक जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।