राजकुमार सिंह ठाकुर

पंडरिया । पखवाड़े भर पहले नगर के सोनारिन तालाब में बाघ की आवाज लोगों ने सुने थे तथा फूट प्रिंट भी मिले थे।किंतु पछले कुछ दिनों से बाघ की आहट सुनाई नहीं पड़ रही है।हालांकि एक युवक द्वारा रविवार को बाघ को देखे जाने का दावा किया जा रहा है,लेकिन कोई निशान दिखाई नहीं पड़ रहा है।वन विभग का मानना है कुछ दिनों से शिकार की सूचना नहीं मिली है।ऐसी स्थिति में बाघ वापस भी जा सकता है।लेकिन सतर्कता अभी भी बरती जा रही है।वन विभाग का अमला लगातार बाघ की जानकारी जुटाने वन क्षेत्र में सक्रिय है।सीसी कैमरा लगाए गए हैं,तथा सर्चिंग भी की जा रही है।
बढ़े हैं अन्य वन्य प्राणी- पंडरिया वन क्षेत्र भले ही सिकुड़ते जा रहा है ,लेकिन इस कम होते वन क्षेत्र में वन्य प्राणियों के बढ़ने की जानकारी है।बताया जा रहा है कि रहमान कापा से कोडवा सर्किल के बीच 10 से अधिक तेंदुए होने की बात कही जा रही है।इसी प्रकार भालू की संख्या तो पहले से काफी होना बताया जा रहा है,लेकिन पिछले दो वर्षों में भालू के संख्या भी बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है।जंगली सुअर,हिरण व कोटरी भी अब आसानी से देखे जा रहे हैं।लेकिन इन वन्य प्राणियों को सुरक्षित रखने की जरूरत है।साथ ही इनके आवास क्षेत्र में मानव दखल को कम करना भी आवश्यक है।
वनों की सुरक्षा की जरूरत-इन वन्य प्राणियों को सुरक्षित रखने के लिए उप वन मंडल पंडरिया के वनों को सुरक्षित रखना अनिवार्य है।केवल बदौरा के आस-पास कुछ वन बचा हुआ है,जो भी निरंतर उजड़ता जा रहा है।इसी क्षेत्र में वन्य प्राणियों का आवास है,जहां लगातार कटाई चल रही है।कटाई के अलावा लोगों के दखल को भी इस क्षेत्र में कम करना चाहिये।जिससे वन्य प्राणियों को सुरक्षा मुहैया हो सके।वनों को सुरक्षित करने के लिए क्षेत्र को रिजर्व फॉरेस्ट या कॉरिडोर घोषित करना चाहिए।जिससे यहाँ कठोर कानून लागू हो सके तथा वन एवम वन्य प्राणी सुरक्षित हो सके।
लगाए गए कैमरे में तेंदुआ हुआ ट्रेप-वन विभाग द्वारा लगाए गए कैमरे में पिछले दिनों एक तेंदुए की तस्वीर कैद हुई है।जिससे क्षेत्र में वन्य प्राणियों की उपस्थिति प्रमाणित होती है।कुछ दिन पहले कोयलारी कापा में एक तेंदुए व दो शावक दिखे थे।इससे पूर्व भालू भी मैदानी इलाकों में दिखा था।विभाग द्वारा लगाये गए कैमरों में वन्य प्राणियों पर निगरानी की जा रही है।वहीं कुछ लोगों द्वारा इन कैमरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।पिछले दिनों एक कैमरा को एक व्यक्ति द्वारा तोड़ दिया गया है,जिसकी पहचान कर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।वहीं एक कैमरा को चोरी कर लिया गया है,जिसका तलाश किया जा रहा है।
“पिछले कुछ दिनों से बाघ के मूवमेंट का पता नहीं चल पा रहा है।कर्मचारियों द्वारा नजर रखी जा रही है।आस -पास के ग्रामीणों के चौकीदारों से मिली जानकारी के अनुसार वन्य प्राणियों की संख्या क्षेत्र के जंगलों में बढ़ी है,वन क्षेत्र में लोगों के दखल को कम किया जाएगा।”
जशवीर सिंह मरावी,एसडीओ वन विभाग पंडरिया।






